जशपुर, 09 सितंबर। जशपुर जिले के सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्था का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत सुलेसा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला करमघाट में पिछले कई दिनों से हैंडपंप खराब पड़ा है। इसके चलते स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि स्कूल के पास स्थित हैंडपंप खराब होने के कारण बच्चों के सामने प्यास बुझाने का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। ऐसे में वे पास के खेतों से बहकर आने वाले पानी और नाले के पानी का इस्तेमाल करने को मजबूर हैं। दूषित पानी पीने से बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा बना हुआ है।
स्थानीय स्तर पर हैंडपंप खराब होने की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इससे स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों में नाराजगी है।
अधिकारी ने जल्द सुधार का दिया आश्वासन
मामले को लेकर बगीचा बीईओ सुदर्शन पटेल का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि हैंडपंप खराब होने की जानकारी उनके संज्ञान में आई है। संबंधित तकनीकी टीम को हैंडपंप को जल्द से जल्द दुरुस्त करने के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल सवाल यह है कि जब तक हैंडपंप ठीक नहीं होता, तब तक इन मासूम बच्चों को स्वच्छ पेयजल कब और कैसे उपलब्ध कराया जाएगा? स्कूलों में बच्चों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों के बीच करमघाट की यह तस्वीर व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।


