दल्ली राजहरा, 9 सितंबर 2026। ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा ने दल्ली राजहरा में अपनी 62वीं शाखा का शुभारंभ किया। नई शाखा का उद्देश्य दल्ली राजहरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुलभ, आधुनिक और बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना है।
नई शाखा का औपचारिक उद्घाटन बालोद जिले के पुलिस अधीक्षक श्री किरण जी. चौहान (आईपीएस) ने किया। कार्यक्रम में रायपुर अंचल के अंचल प्रमुख श्री दिवाकर पी. सिंह, धमतरी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री बानाम्बर बेहेरा और उप-क्षेत्रीय प्रबंधक श्री अमित सिंह पटेल सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय निवासी, व्यवसायी, स्वयं सहायता समूहों (SHG) के सदस्य और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
दूरदराज क्षेत्रों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने का संकल्प
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पारंपरिक स्वागत के साथ हुई। इसके बाद धमतरी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री बानाम्बर बेहेरा ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने क्षेत्र में बैंक की उपलब्धियों और हालिया प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा दूरदराज और कम बैंकिंग सुविधा वाले क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण वित्तीय सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
रायपुर अंचल के अंचल प्रमुख श्री दिवाकर पी. सिंह ने कहा कि नई शाखा के खुलने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और ग्रामीणों के लिए बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, बैंक ऋण प्राप्त करने और अन्य वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बैंक की विभिन्न योजनाओं और उत्पादों की जानकारी देते हुए केंद्र सरकार के साथ सैलरी पैकेज, छत्तीसगढ़ राज्य सरकार के साथ सैलरी पैकेज (MOU) तथा छत्तीसगढ़ पुलिस सैलरी पैकेज सहित अन्य बैंकिंग सुविधाओं के बारे में बताया।
एसपी ने साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की दी सलाह
बालोद जिले के पुलिस अधीक्षक श्री किरण जी. चौहान ने क्षेत्रवासियों से परिवार के सभी सदस्यों के बैंक खाते खुलवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था से अधिक से अधिक लोगों के जुड़ने से वे औपचारिक वित्तीय प्रणाली का हिस्सा बन सकेंगे और आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान दे सकेंगे।
एसपी ने बैंक शाखा के सुचारू संचालन और विकास के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। साथ ही उन्होंने बढ़ते वित्तीय और साइबर फ्रॉड को लेकर लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर या वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और संभावित नुकसान को कम किया जा सके।
वित्तीय समावेशन को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम के अंत में उप-क्षेत्रीय प्रबंधक श्री अमित सिंह पटेल ने सभी अतिथियों, गणमान्य नागरिकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज के हर वर्ग को प्रभावी, सुगम और निर्बाध बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के बैंक के संकल्प को दोहराया।
दल्ली राजहरा में बैंक ऑफ बड़ौदा की नई शाखा का शुभारंभ क्षेत्र में वित्तीय पहुंच, बैंकिंग सुविधा और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे दल्ली राजहरा के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों और कारोबारियों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।


