CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

महंगी बाइक के शौक में तीन दोस्तों ने चुराए दो वाहन, 48 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा



कोरबा।
बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। महंगी मोटरसाइकिल चलाने के शौक और पैसे की कमी के चलते तीन दोस्तों ने वाहन चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय मुख्य आरोपी मोनेन्द्र कुमार उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो नाबालिग साथियों को संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पल्सर आरएस 200 और एक स्कूटी बरामद की गई है।

दुकान पर चाबी बनवाने पहुंचे, तो खुला चोरी का राज

पुलिस के मुताबिक, मामला 5 सितंबर की रात का है। बांकीमोंगरा के कुदरीपारा क्रमांक-2 मुख्य मार्ग निवासी देव कुमार अहिरवार ने अपनी पल्सर आरएस 200 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BT 6722 को रात करीब 10 बजे दुकान के सामने लॉक कर खड़ा किया था। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली।

मामले की शिकायत के बाद बांकीमोंगरा पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को एक चाबी बनाने वाले दुकानदार की सतर्कता से अहम सुराग मिला। चोरी के बाद आरोपी मोटरसाइकिल की दूसरी चाबी बनवाने के लिए कोरबा के टीपी नगर स्थित एक दुकान पर पहुंचे थे।

संयोग से जिस मोटरसाइकिल की चाबी बनवाने आरोपी पहुंचे थे, उसके मालिक का रिश्तेदार भी टीपी नगर में चाबी बनाने का काम करता है। आरोपियों की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर दुकानदार को शक हुआ और उसने बिना आरोपियों को भनक लगे आपातकालीन पुलिस सेवा को सूचना दे दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में सामने आई दो वाहन चोरी की वारदात

पुलिस पूछताछ में भिलाईबाजार-हरदीबाजार थाना क्षेत्र निवासी मोनेन्द्र कुमार उर्फ मोनू, पिता विक्रमलाल निषाद ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने बांकीमोंगरा क्षेत्र से पल्सर आरएस 200 और कुसमुंडा क्षेत्र से एक स्कूटी चोरी की थी। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें महंगी मोटरसाइकिल चलाने का शौक था, लेकिन उसे खरीदने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे। इसी शौक को पूरा करने के लिए उन्होंने वाहन चोरी की योजना बनाई।

दो चोरी के वाहन और मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पल्सर आरएस 200 क्रमांक CG 12 BT 6722 और स्कूटी क्रमांक CG 12 BU 7208 बरामद की है। घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है।

मुख्य आरोपी मोनेन्द्र कुमार को 8 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वहीं दोनों नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड, कोरबा के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और चाबी बनाने वाले दुकानदार की सतर्कता से वाहन चोरी के मामले का महज 48 घंटे में खुलासा हो गया।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads