कोरबा, 1 सितंबर 2026। कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मणबंध में 40 वर्षीय महिला लक्ष्मी मानिकपुरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मौके से एक वीडियो और दीवार पर हाथ से लिखा सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है। महिला ने आत्महत्या से पहले अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपनी बहनों को भेजा था। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मी मानिकपुरी लक्ष्मणबंध में रहती थीं, जबकि उनका मायका आरामशीन पारा बस्ती में है। बताया गया है कि कोरोना काल में उनके पहले पति की मृत्यु हो गई थी। पहले पति से उनके दो बच्चे हैं। इसके बाद लक्ष्मी ने 13 जून 2025 को कार्तिक दास से दूसरी शादी की थी। सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार हुई शादी के बाद वह कार्तिक दास के साथ रह रही थीं। कार्तिक दास ठेकेदारी का काम करते हैं।
दीवार पर लिखा सुसाइड नोट
घटना के बाद कमरे की दीवार पर हाथ से लिखा एक संदेश मिलने की जानकारी सामने आई है। इसमें लक्ष्मी ने अपनी बहू पूर्णिमा महंत और उसके मायके वालों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। साथ ही उन्होंने अपने पति को घटना के लिए जिम्मेदार नहीं बताया।
पुलिस अब दीवार पर लिखी गई इस लिखावट की सत्यता की जांच कराएगी। इसके लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की मदद ली जाएगी।
विवाद का वीडियो भी सामने आया
बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले परिवार में विवाद हुआ था। इस दौरान महिला ने अपने पति और सौतेले बेटे के सामने बहू और बेटे पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में महिला आत्महत्या करने की बात कहती नजर आती है। मौके पर मौजूद उसका बड़ा बेटा उसे समझाते हुए नजर आता है और ऐसा कदम नहीं उठाने के लिए कहता है। वहीं छोटा बेटा भी अपनी मां को मनाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है।
परिजनों के अनुसार, पारिवारिक विवाद को लेकर लक्ष्मी पिछले कुछ समय से परेशान थीं। इसके बाद 27 अगस्त को उन्होंने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपनी बहनों को भेजा था।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो, दीवार पर मिले कथित सुसाइड नोट और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। दीवार पर मिली लिखावट की जांच के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट को बुलाया जाएगा। वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट: सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है।


