CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

पटना छात्रावास चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद


(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम)

सैमसंग एलईडी टीवी, कंप्यूटर मॉनीटर और सोने-चांदी के आभूषण जब्त

कोरिया/पटना। प्री-पोस्ट मैट्रिक छात्रावास पटना में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस के अनुसार, छात्रावास अधीक्षिका उर्मिला सिंह ने 23 अप्रैल 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 22 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे वह अपने आवास और हॉस्टल में ताला लगाकर शादी समारोह में चली गई थीं। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे भृत्य देवकुंवर ने मोबाइल फोन से उन्हें सूचना दी कि उनके आवास का ताला टूटा हुआ है।

सूचना मिलने पर अधीक्षिका मौके पर पहुंचीं तो आवास का ताला टूटा मिला। जांच करने पर कमरे और आलमारी से सैमसंग टीवी, कंप्यूटर मॉनीटर, तीन कार्टून रिफाइंड तेल, सोने की चेन, कान की बाली, चांदी की पायल तथा 50 और 200 रुपये के नोटों की गड्डियां सहित कुल करीब 2,30,500 रुपये की संपत्ति चोरी होना बताया गया।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की। चोरी की घटना के खुलासे के लिए क्षेत्र में मुखबिर और पुलिस कर्मचारियों को लगाया गया था। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम पटना, सरना पारा निवासी महबूब रजा उर्फ बाबू और सौरभ गुप्ता उर्फ राजा गुप्ता छात्रावास में हुई चोरी के संबंध में आपस में बातचीत कर रहे हैं।

पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी की बात सामने आने और थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सैमसंग एलईडी टीवी और कंप्यूटर मॉनीटर को हॉस्टल के पीछे झाड़ी और नाली में बोरी के अंदर छिपा दिया था। वहीं सोने-चांदी के आभूषणों को बेचने के लिए अपने पास रखना बताया गया। चोरी की नकदी 50 हजार रुपये आपस में बांटकर खर्च करने की बात भी सामने आई।

पुलिस ने आरोपियों के मेमोरण्डम के आधार पर महबूब रजा उर्फ बाबू की निशानदेही पर हॉस्टल के पीछे झाड़ी-नाली से सैमसंग एलईडी टीवी और कंप्यूटर मॉनीटर, जबकि सौरभ गुप्ता उर्फ राजा गुप्ता के कब्जे से सोने की चेन, चांदी की पायल और कान की बाली बरामद की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। महबूब रजा उर्फ बाबू को 29 सितंबर 2026 को दोपहर 1 बजे तथा सौरभ गुप्ता उर्फ राजा गुप्ता को दोपहर 1:10 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी गई।

पुलिस के अनुसार, मामला अजमानतीय होने के कारण दोनों आरोपियों का न्यायिक रिमांड तैयार किया गया है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।

Top Post Ad

Below Post Ad

ads