ads 90x728

मनेन्द्रगढ़ से रतनपुर जा रही बस खाई में गिरी, कन्या विवाह योजना के 54 जोड़े घायल


मनेन्द्रगढ़। 
छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ जिले से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह में शामिल होने जा रहे दर्जनों जोड़ों के साथ बड़ा हादसा हो गया। जनकपुर से रतनपुर जा रही एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर नागपुर रेलवे स्टेशन के पास सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में बस में सवार 54 जोड़े घायल हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्गा बस की रफ्तार काफी तेज थी। पोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नागपुर के पास चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस सड़क किनारे खाईनुमा गड्ढे में जा घुसी। हादसे के बाद मानवता को शर्मसार करने वाला दृश्य सामने आया, जब बस चालक और कंडक्टर घायलों को तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो गए

हादसे में बस में सवार सभी यात्रियों को चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां कुछ जोड़ों की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में घायलों का उपचार जारी है।

सरकारी योजना के तहत आयोजित इतने बड़े कार्यक्रम में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह है कि यात्रियों की जान जोखिम में डालकर बस को तेज रफ्तार में क्यों चलाया जा रहा था, और सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया?

घटना की सूचना मिलते ही पोड़ी थाना और नागपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने बस चालक और कंडक्टर के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं फरार दोनों कर्मचारियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही और परिवहन व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करता है, जिस पर अब जिम्मेदारों की जवाबदेही तय होना जरूरी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads