CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

SECL प्रभावित गांव रलिया में खून से सनी रात, बेटी के हाथों पिता की निर्मम हत्या


(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)

कोरबा-हरदीबाजार : कोरबा जिले के SECL प्रभावित क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रलिया (थाना हरदीबाजार) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 25 वर्षीय बेटी ने अपने ही वृद्ध पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच की है। आरोपी बेटी गीता निषाद ने घर में रखे धारदार हंसिया से अपने पिता अशोक निषाद के सीने और सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

परिजनों ने बताया कि गीता निषाद कोरबा में रहती थी और कुछ दिनों के लिए अपने पिता के घर ग्राम रलिया आई हुई थी। पुलिस के मुताबिक, पिता अशोक निषाद बेटी के जीवन-यापन और भरण-पोषण के तौर-तरीकों से असंतुष्ट थे। वे उसे गलत रास्ते पर चलने से रोकते हुए समझाइश दे रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया।

बताया जा रहा है कि पिता की नसीहत बेटी को नागवार गुजरी और गुस्से में आकर उसने हंसिया से हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही पिता की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना हरदीबाजार पुलिस मौके पर पहुंची। निरीक्षक प्रमोद डडसेना अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे और प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हंसिया भी जप्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस घटना ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है और पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का विषय बनी हुई है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads